भीलवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा की नई तारीख घोषित, जानें पूरा शेड्यूल।
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा (राजस्थान):
राजस्थान की वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में एक बार फिर ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ का शंखनाद होने जा रहा है। विश्व विख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) आगामी 9 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक भीलवाड़ा में श्री शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। इस भव्य आयोजन को लेकर श्री शिव महापुराण कथा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बारिश के कारण बदली गई थी तिथि
उल्लेखनीय है कि यह कथा पहले 9 सितंबर से 15 सितंबर 2025 को आज़ाद नगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजित होनी थी। लेकिन भारी बारिश और मैदान में जलभराव के कारण टेंट और पंडाल लगाना असंभव हो गया था। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी जी महाराज, विधायक अशोक कोठारी और कार्याध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने कथा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया था।
2 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म
पंडित प्रदीप मिश्रा जी का शेड्यूल आगामी दो वर्षों तक पूरी तरह व्यस्त था। लेकिन भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं की आस्था और महंत बाबूगिरी जी महाराज के विशेष अनुरोध पर, महाराज श्री ने 9 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 का समय भीलवाड़ा के लिए सुरक्षित किया है।
घर-घर जाकर दिया जाएगा आमंत्रण
समिति के मंत्री बद्रीलाल सोमानी ने बताया कि जल्द ही कथा कार्यालय का पुनः उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद:
- गांव-गांव और गली-गली जाकर जनसंपर्क किया जाएगा।
- कथा की सफलता के लिए सभी वर्गों का सहयोग लिया जाएगा।
- मेडिसिटी ग्राउंड पर श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और पार्किंग की विश्व स्तरीय व्यवस्था की जाएगी।


