मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान
स्वामी गोविंद देव गिरी जी के जीवन प्रबंधन पर दो दिवसीय प्रवचन 18 व 19 जून को
मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 12 जून। ए.बी. माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट, भीलवाड़ा के तत्वावधान में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास, अयोध्या के कोषाध्यक्ष एवं प्रख्यात आध्यात्मिक चिंतक के दो दिवसीय विशेष प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन 18 एवं 19 जून को तेरापंथ भवन, तेरापंथ नगर, चित्तौड़गढ़ आरओबी के पास, भीलवाड़ा में किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि जगदीश प्रसाद, नवनीत कुमार एवं श्लोक सोमानी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी गोविंद देव गिरी जी पहली बार भीलवाड़ा प्रवास पर आकर जीवन प्रबंधन, सुखी एवं सफल जीवन जीने की कला पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि अनेक भाषाओं के ज्ञाता स्वामी जी वर्तमान में श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास, मथुरा के उपाध्यक्ष भी हैं तथा उनके मार्गदर्शन में देशभर में 50 से अधिक प्रमुख संस्थाएं कार्यरत हैं। आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जून को रात्रि 7:00 बजे से 9:00 बजे तक तथा 19 जून को रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक विशेष प्रवचन आयोजित होंगे। प्रवचनों में जीवन को सार्थक, सफल एवं आनंदमय बनाने के विभिन्न आयामों पर चर्चा की जाएगी।
स्वामी जी अपने उद्बोधन में “सार्थक जीवन, आनंदमय जीवन”, “सफल जीवन ही वास्तविक जीवन प्रबंधन है”, “समय, संकल्प और संतुलन सफल जीवन की नींव हैं”, “जो जीवन को संवार दे वही सच्चा प्रबंधक है” जैसे विषयों पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और आध्यात्मिकता के महत्व को भी रेखांकित करेंगे।
आयोजकों ने अधिकाधिक धर्मप्रेमी एवं नागरिकों से इस प्रेरणादायी दो दिवसीय प्रवचन कार्यक्रम में उपस्थित होकर लाभान्वित होने की अपील की है।
