शाहपुरा के लाल मोहम्मद रज़ा खान के हाथों में भारतीय टीम की कमान, वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए सर्बिया रवाना
राजस्थान के होनहार खिलाड़ी को मिली भारतीय टीम की कप्तानी, 32 देशों की प्रतियोगिता में भारत की निगाहें पदक पर
✍️ मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान | 9667171141
शाहपुरा (भीलवाड़ा), 12 जून। शाहपुरा, भीलवाड़ा एवं पूरे राजस्थान के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। शाहपुरा के प्रतिभाशाली बास्केटबॉल खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान को वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उनकी अगुवाई में 12 सदस्यीय भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ज़लातिबोर, सर्बिया रवाना हो गई है।
भारतीय टीम रांची से दिल्ली पहुंची, जहां से टीम ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सर्बिया के लिए उड़ान भरी। टीम के साथ मुख्य कोच, सहायक कोच और फिजियो भी मौजूद हैं। भारतीय बालक टीम के साथ-साथ भारतीय बालिका टीम भी इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सर्बिया पहुंच रही है।
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी और सबसे भरोसेमंद बास्केटबॉल प्रतिभाओं में शामिल मोहम्मद रज़ा खान को कप्तान बनाए जाने से राजस्थान सहित पूरे देश के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में भारतीय टीम इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने की प्रबल दावेदार है।
भारतीय टीम में ये खिलाड़ी शामिल
भारतीय टीम में राजस्थान के मोहम्मद रज़ा खान और संस्कार सैनी के अलावा सिद्धार्थ मान एवं मोहम्मद सानी गौरी (दिल्ली), श्रीशरण वैदिवेल मुरुगन एवं शौर्य राहुल पांडे (सीबीएसई-डब्ल्यूएसओ), दीक्षित अमीन (कर्नाटक), देवेश स्वप्निल पटेल (महाराष्ट्र), शौर्य सचदेवा (पंजाब), माधवेंद्र सिंह जैतावत (गुजरात), शुभम सिंह एवं हिमांशु सिंह (सीबीएसई) को शामिल किया गया है।
अनुभवी कोचिंग स्टाफ भी साथ
टीम के साथ मुख्य कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच कालवा राधा राव तथा फिजियो कुणाल कुमार राजकुमार चूड़ास्मा भी गए हैं, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।
ग्रुप-एफ में भारत, मजबूत टीमों से होगा मुकाबला
अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ (ISF) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें आठ समूहों में विभाजित किया गया है। भारतीय टीम को ग्रुप-एफ में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला चाइनीज ताइपे, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य जैसी मजबूत टीमों से होगा।
यह प्रतियोगिता 13 जून से 22 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मजबूत इरादों के साथ करेगी और देश को पदक दिलाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
शाहपुरा में खुशी की लहर
मोहम्मद रज़ा खान को भारतीय टीम की कप्तानी मिलने और वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारत का नेतृत्व करने का अवसर मिलने पर शाहपुरा, भीलवाड़ा और पूरे राजस्थान में खुशी की लहर है। खेल प्रेमी, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना कर रहे हैं।
