वैष्णव ब्राह्मण समाज का शैक्षणिक सम्मेलन रविवार को, 51 प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान व आर्थिक सहयोग

By admin

Published On:

Date:


वैष्णव ब्राह्मण समाज का शैक्षणिक सम्मेलन रविवार को, 51 प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान व आर्थिक सहयोग

रामकिशन वैष्णव

बिजयनगर, 13 जून। अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण (चतु: सम्प्रदाय) महासभा, शिक्षा निधि, युवा महासभा एवं महिला प्रकोष्ठ अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में शैक्षणिक सम्मेलन का आयोजन रविवार को किशनगढ़ स्थित आरके लिंक रोड पर होटल लवकुश में किया जाएगा।


राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिक्षा निधि संयोजक श्यामसुंदर वैष्णव (हरिद्वार) ने बताया कि सम्मेलन में समाज की 51 प्रतिभाओं का चयन कर लगभग 4 लाख 51 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही नर्सरी से नवमीं कक्षा तक के 21 बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा में सहयोग की घोषणा की जाएगी।


उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए राज्य एवं राज्य के बाहर से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। चयन समिति द्वारा पात्र विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें चेक के माध्यम से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई है।


सम्मेलन में कक्षा पांचवीं, आठवीं, बारहवीं, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा। वहीं प्राथमिक से आठवीं कक्षा तक के प्रतिभाशाली बच्चों को समाज के भामाशाहों द्वारा गोद लेने की घोषणा की जाएगी।


बारहवीं, स्नातक एवं उच्च शिक्षा के लिए चयनित आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को 11 हजार एवं 21 हजार रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को एक बैग, छह नोटबुक, पानी की बोतल, 10 पेन एवं 10 पेंसिल सहित स्टेशनरी किट तथा 500 रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।


आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना, प्रतिभाओं का सम्मान करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारी, भामाशाह एवं बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे।


Leave a Comment

Related News