आमजन, श्रमिकों और जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक एवं सस्ता भोजन
बनेड़ा में श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने किया उद्घाटन
आमजन, श्रमिकों और जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक एवं सस्ता भोजन
बनेड़ा, 15 जून। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ सोमवार को नगर पालिका क्षेत्र बनेड़ा में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विधायक ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर योजना का शुभारंभ किया तथा रसोई में तैयार भोजन का स्वाद भी चखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन, श्रमिकों, विद्यार्थियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार की मंशा है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और हर जरूरतमंद तक भोजन की सुविधा पहुंचे।
विधायक ने कहा कि योजना का लाभ विशेष रूप से गरीब, मजदूर, छात्र, यात्री एवं जरूरतमंद नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाएं ताकि इसका व्यापक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर बनेड़ा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, लक्ष्मी लाल सोनी, एसडीएम बाबूलाल, ईओ प्रकाश साहू, प्रहलाद बैरवा, राजमल माली, कैलाश माली, महिम सुवालका, भैरूलाल लक्षकार, संपत माली, देबीलाल, जगदीश खटीक, जीवन बैरवा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
