कानून व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा में योगदान को किया याद, वृक्षारोपण कर दी विदाई
पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह को शहरवासियों ने दी भावभीनी विदाई
कानून व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा में योगदान को किया याद, वृक्षारोपण कर दी विदाई
गुलाबपुरा, 15 जून (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह के माउंट आबू स्थानांतरण पर पर्यावरण मित्र मंडल, शुभम प्राकृतिक चिकित्सालय, पत्रकारों एवं शहरवासियों द्वारा भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उनके स्थान पर सतीश मीणा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह का साफा बंधवाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जितेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
समारोह में वक्ताओं ने बताया कि सिंह ने युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया तथा शहर में हजारों पौधे लगवाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने गौसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर आमजन के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। विदाई समारोह के दौरान भी उन्हें वृक्षारोपण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
शुभम प्राकृतिक चिकित्सालय के संरक्षक पुरुषोत्तम नवाल, सत्यनारायण जागेटिया, हनुमान सोमानी, दिलीप मेहता, पर्यावरण मित्र मंडल के गुलशन हेमनानी, किशन नवाल, तुलसीराम टेलर सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ फोटोग्राफर एस.पी.एस. द्वारा खींचे गए यादगार छायाचित्रों का विशेष पोर्ट्रेट भी वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार जैन, रामेश्वर प्रसाद सोनी एवं टीकम हेमनानी ने भेंट किया। वहीं संस्था पदाधिकारियों ने जितेंद्र सिंह की माताजी का भी शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा उनके हाथों पौधारोपण करवाया।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका चेयरमैन इंदरचंद टेलर, नंदलाल तोषनीवाल, शुभम प्राकृतिक चिकित्सालय के डॉ. पार्थिव जोशी, डॉ. अर्चना जोशी, सुगन जेसवानी, अनिल चौधरी, रश्मि वर्मा, चंदन चौधरी, सुरेश चौधरी, महावीर शर्मा, बाबूलाल काल्या, सुरेंद्र मिश्रा, निकेश बहेड़िया, सुनील लढ़ा, राजेंद्र सिंह, सुधीर शर्मा, परविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर शुभम प्राकृतिक चिकित्सालय में आयोजित एक्यूपंक्चर चिकित्सा शिविर का भी समापन हुआ। शिविर में लगभग 40 लोगों ने उपचार का लाभ लिया। डॉ. विकास जोशी ने रोगियों का उपचार किया। कार्यक्रम के अंत में सत्यनारायण जागेटिया एवं गोपाललाल जागेटिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।
✍️ रामकिशन वैष्णव
गुलाबपुरा
