Published On:

Date:

ग्रामीण सेवा शिविर में मनाया गया बेटी जन्मोत्सव, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

गुलाबपुरा, 24 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ एवं बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हुरड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कवलियास में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में बालिका निकिता पुत्री माया जोगी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में हुरड़ा ब्लॉक सुपरवाइजर सुनीता चौधरी ने बालिका से केक कटवाकर जन्मोत्सव मनाया तथा उसे उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षित महिला न केवल अपने जीवन को बेहतर बना सकती है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उन्होंने जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने और उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने के लिए सक्षम बनाने पर जोर दिया।

सुनीता चौधरी ने लाड़ो प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सामाजिक सलाहकार प्रमिला तंवर, पीएसएसके की सुनीता शर्मा, ग्राम पंचायत साथिन बसंती गुर्जर, लीला जोगी, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर रिंकू राठौड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

— रामकिशन वैष्णव

Leave a Comment

Related News