ग्राम पंचायत बिलिया में ग्रामीण जन कल्याण शिविर आयोजित, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
✍️ मोनू सुरेश छीपा | द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बिलिया में मंगलवार को ग्रामीण जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं परिवेदनाओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को मकानों के पट्टे वितरित किए गए। साथ ही पात्र श्रमिकों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत चयनित पशुपालकों को बीमा प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस योजना से पशुधन की सुरक्षा के साथ पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी, पात्र नागरिकों के आवेदन स्वीकार किए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर तहसीलदार भींवराज परिहार, बीडीओ प्रकाशचंद स्वर्णकार, एसीबीओ डॉ. सत्यनारायण कुमावत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, सीआर सांवर गुर्जर, सरपंच मंजू बैरवा, सरपंच प्रतिनिधि अर्जुन बैरवा, रामलाल जाट, मंगना गुर्जर, भागचंद कुमावत सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
